संगीत की दुनिया के साथ साथ ये फानी दुनिया भी छोड़ गए गायक भूपिंदर सिंह की शांति सभा में पहुंचे लोगों को देखकर ये एक बार फिर यकीन हो चला कि मायानगरी मुंबई में सब शोहरत के साथी ही हैं। उनकी याद में हुई प्रार्थना सभा संगीत दुनिया का एक भी मौजूदा सितारा नजर नहीं आया। नजर आए तो भूपिंदर सिंह के बस वही साथी जो उनका साथ बरसों से देते रहे। सुख दुख के साथी रहे और उनकी इस प्रार्थना सभा में भी नम आंखों से उन्हें याद करते रहे।मुंबई में अंधेरी स्थित चार बंगला गुरुद्वारे में दिवंगत गायक भूपिंदर सिंह की याद में प्रार्थना सभा के आयोजन में दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए संगीतकार उत्तम सिंह, गायक रूप कुमार राठौड़, सोनाली राठौड़, रेखा भारद्वाज, अरविंदर सिंह, सुदेश भोसले, जसवंत सिंह, पंकज उधास, सुदेश भोसले और शैलेंद्र सिंह ने संगीत की दुनिया की नुमाइंदगी की। संगीत का कारोबार करने वाली बड़ी कंपनियों टी सीरीज, एचएमवी, टिप्स, वीनस, सोनी म्यूजिक, जी म्यूजिक का कोई भी बड़ा पदाधिकारी यहां नजर नहीं आया।