विदिशा ।  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को एक बार बाढ़ग्रस्‍त इलाकों का सर्वे करने निकले। इस दौरान वह विदिशा में भी आए और नाव में बैठकर डेढ़ किलोमीटर दूर बने राजीव नगर पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावितों को भोजन के पैकेट बांटे और उन्हें शासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। यह क्षेत्र पिछले तीन दिनों से बेतवा नदी के पानी से घिरा हैं। यहां 450 परिवार फंसे हुए है। मुख्यमंत्री चौहान बुधवार दोपहर को विदिशा पहुंचे। यहां उन्होंने पहले नवीन कलेक्टर कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर बाढ़ से बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद वे कार से जतरापुरा पहुंचे। इसके आगे का रास्ता उन्होंने नाव में बैठकर पूरा किया। मुख्यमंत्री राजीव नगर में बसे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिले। इस कालोनी की तीन गलियों में चार से पांच फिट पानी था। मुख्यमंत्री करीब दो फीट तक भरे पानी में पैदल चलते हुए बाढ़ प्रभावित घरों में पहुंचे और उन्हें भोजन के पैकेट दिए।

बुजुर्ग महिला को लगाया गले

मुख्यमंत्री ने एक बुजुर्ग अम्मा को गले लगाते हुए कहा कि अम्मा, चिंता मत करना, तुम्हारा बेटा तुम्हें कुछ नहीं होने देगा। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर उमाशंकर भार्गव के निर्देश दिए कि वे इस क्षेत्र में सफाई, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखे। क्षेत्र में सर्वे कराकर सभी प्रभावित को राहत राशि प्रदान करें। मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक विदिशा में रुकने के बाद कुरवाई के लिए रवाना हो गए।