भोपाल ।   प्रदेश में पहली बार यूथ महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में चलने वाले इस दोदिवसीय आयोजन का मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय खेल व युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर भी पहुंचने वाले थे, लेकिन खराब मौसम की वजह से ऐनवक्‍त पर उनका दौरा निरस्‍त हो गया। वह इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में विशिष्‍ट अतिथि के तौर पर यूएनईपी के पूर्व कार्यपालक निदेशक ऐरिक साल्हिम भी शामिल हैं। प्रदेश की खेल व युवा मामलों की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी कार्यक्रम में शिरकत कर रही हैं। दो दिवसीय यूथ महापंचायत में प्रदेशभर के चुनिंदा युवा शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्‍मस्‍थली भाभरा से लौटे युवा बाइकर्स ने वहां से लाए जल और मिट्टी के कलश भी सीएम शिवराज को सौंपे। ये दोनों कलश शौर्य स्‍मारक में स्‍थापित किए जाएंगे।

आत्‍म निर्भर भारत बनाने में युवाओं की अहम भूमिका - अनुराग ठाकुर

केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर यूथ महापंचायत से वर्चुअली जुड़े और युवाओं को संबोधित किया। अनुराग ठाकुर ने युवा वर्ग से आह्वान करते हुए कहा कि अपने लिए तो सभी जीते हैं। आप देश और समाज के लिए भी जीयें और कुछ देने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि भारत के युवा कुछ भी कर सकते हैं। आत्मनिर्भर भारत को बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।। कोविड काल में भारत के युवाओं ने काफी सहयोग दिया। भारत में ही कोविड से निपटने के लिए दो वैक्सीन बनाई। इस दौरान उन्होंने अपने कुछ अनुभव भी साझा किए। उनके भाषण के बीच में आनलाइन कनेक्शन कट गया।

आजाद के बारे में ज्‍यादा से ज्‍यादा पढ़ें युवा - सीएम शिवराज

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद की 116वीं जयंती पर सभी को शुभकामनाएं देता हूं। आज आजाद जी का जन्मदिवस है। आजाद जी को भारत माता की जय बोलने की सजा मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजाद के बारे में जितना युवा पढ़ेंगे तो जागरूक होंगे।। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों से आजादी हमें चांदी की तश्‍तरी में परोस कर नहीं दी। उन्होंने देश के लिए जान न्योछावर कर दिए मेरे दिल में एक खेद सा है। हमें यही पढ़ाया गया कि हिंदुस्तान को आज़ादी एक ख़ानदान ने दिलाई है। हम भूल गए महारानी लक्ष्मी बाई को, लाल लाजपत राय को। मध्यप्रदेश के कई आदिवासियों ने अपनी ज़िंदगी और जवानी देश के आज़ादी के लिए क़ुर्बान कर दी। आज उन्हें नमन करने का दिन है।

डिजिटल युग में व्‍यस्‍त युवाओं को इतिहास से परिचित कराना जरूरी - यशोधरा राजे

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना था कि हमारे मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता सेनानी शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्म भूमि है तो हम उनको क्यों नहीं याद कर सकते , जिन्‍होंने हमारे देश की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज युवा डिजिटल युग में व्यस्त हैं, लेकिन उन्हें इतिहास से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के युवा आत्मनिर्भर भारत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

75 मिलियन लोेग उत्‍साह से जुटे - एरिक साल्हिम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूएनइपी के पूर्व ईडी एरिक साल्हिम ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने में महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। यह बहुत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि 75 मिलियन लोग उत्साह से जुटे हैं। एरिक ने कहा कि आप युवा इस देश का भविष्य हैं। आप में से कोई भी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बन सकता है। भारत तेज़ी से लगातार आगे बढ़ रहा है। बता दें कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय यूथ महापंचायत में युवाओं से जुड़े विषयों पर छह सत्रों में विचार-विमर्श होगा। इसमें स्टार्टअप, मेरा मध्य प्रदेश, मेरा गौरव, युवा और सामाजिक विकास, एमपी के युवा चैंपियन, युवा और लोकतंत्र विषय पर चर्चा होगी।