श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को अपना आवास छोड़कर भागना पड़ा है। शनिवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने उनके आवास का घेराव कर लिया। इस हालात में श्रीलंकाई राष्ट्रपति को यह फैसला करना पड़ा। राष्ट्रपति राजपक्षे के इस्तीफे की मांग करते हुए सैकड़ों प्रदर्शनकारी कुछ ही समय में राष्ट्रपति भवन में घुस गए। राष्ट्रपति भवन में प्रदर्शनकारियों के घुसने के दौरान सुरक्षा बलों से झड़प में बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, पानी की बौछारें की और हवा में गोलियां चलाईं ।श्रीलंका में राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के खिलाफ लंबे वक्त से 'Gota Go Gama' और 'Gota Go Home' आंदोलन जारी है।

श्रीलंका में शीर्ष वकीलों के संघ, मानवाधिकार समूहों और राजनीतिक दलों के लगातार बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने शनिवार को सरकार विरोधी प्रदर्शनों से पहले कर्फ्यू हटा लिया था। यह कर्फ्यू सरकार विरोधी प्रदर्शनों को रोकने के लिए कोलंबो सहित देश के पश्चिमी प्रांत में सात संभागों में लगाया गया था।पश्चिमी प्रांत में सात पुलिस संभागों में कर्फ्यू लगाया गया था जिसमें नेगोंबो, केलानिया, नुगेगोडा, माउंट लाविनिया, उत्तरी कोलंबो, दक्षिण कोलंबो और कोलंबो सेंट्रल शामिल हैं। यह कर्फ्यू शुक्रवार रात नौ बजे से अगली सूचना तक लागू किया गया था। श्रीलंका मौजूदा समय में गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।