रायपुर। मानसून द्रोणिका के प्रभाव और ओडिशा के ऊपर बने सिस्टम की वजह से गुरुवार को सुबह से रायपुर समेत प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में रुक-रुक कर वर्षा हुई। मौसम विभाग ने मुंगेली, बेमेतरा, कबीरधाम, दंतेवाड़ा और बीजापुर आदि जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि शुक्रवार को इन क्षेत्रों में अति भारी वर्षा होने के साथ आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। सुकमा, राजनांदगांव, दुर्ग, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, बलौदाबाजार, जांजगीर और बिलासपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।बीते 24 घंटों में प्रदेश में अच्छी वर्षा हुई, जिससे वर्षा का आंकड़ा सामान्य से कम था, वह अधिक हो गया है। एक जून से 14 जुलाई तक प्रदेश में 376.3 मिमी वर्षा हुई, जबकि इस बीच सामान्य वर्षा 355.8 मिमी होनी चाहिए। वर्षा का आंकड़ा सामान्य से छह प्रतिशत अधिक हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। मानसून की सक्रियता बढ़ गई है, जिससे प्रदेश भर में अब लगातार वर्षा के आसार हैं।