भोपाल   भोपाल में आदमखोर कुत्तों ने 8 साल के मासूम को नोंच-नोंचकर मार डाला। कुत्ते बच्चे की कमर के नीचे के हिस्से को खा गए। घटना मिलिट्री एरिया की है। बच्चा बुधवार रात से लापता था। बच्चे को ढूंढने जब मां पहुंची, तो उसके होश उड़ गए। निशातपुरा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार वालों को सौंप दिया। इधर मृतक बच्चे की प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। जिसमें किसी जंगली जानवर के हमले और खाए जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि बच्चे की मां के मुताबिक उसने कुत्तों को शव को नोंच कर खाते देखा था। बता दें कि राजधानी में पिछले छह महीने में यह दूसरी बड़ी घटना है।

दिलदहलाने वाली ताजा घटना द्रोणांचल मिलिट्री एरिया में रात 11 से सुबह 4 बजे के बीच की है। 8 साल का रितेश भमोरे उसकी मां प्रीति के साथ मिलिट्री स्टेशन के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। बच्चे की मां मिलिट्री अफसर के यहां काम करती है, जबकि पिता भीमा खंडवा में मजदूरी करते हैं। घर में प्रीति अपने दो बेटों के साथ रहती है। इसमें से रितेश बड़ा था। छोटे बेटे की उम्र 4 साल है।

रात में साइकिल चलाने के लिए निकला था

निशातपुरा टीआई महेंद्र सिंह ने बताया कि रितेश रोजाना रात 9 से 12 बजे के बीच साइकिल चलाता था। बुधवार रात में 9 बजे वह साइकिल चलाने के लिए घर से निकला था। इस दौरान मां की नींद लग गई। वह छोटे बेटे के साथ सो गई। सुबह 4 बजे उसकी नींद खुली, तो बेटा रितेश नहीं दिखा। वह बेटे की तलाश में निकली। घर से करीब 500 फीट दूर जाकर देखा, तो झाड़ियों में बच्चे के शरीर को 5-6 कुत्ते नोंच रहे थे। ये देखते ही प्रीति चीख उठी। जानकारी लगने पर निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीआई ने बताया कि कुत्तों ने बच्चे के शव का निचला हिस्सा पूरी तरह से खा लिया था।


PM रिपोर्ट में जंगली जानवर के हमले की पुष्टि

वन विभाग ने मृतक बच्चे के परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की क्रैक टीम घटना स्थल क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कर रही है। आगे ऐसी घटना नहीं हो इसके लिए निरीक्षण किया गया।

आसपास कुत्तों के झुंड

पुलिस ने जब आसपास के लोगों से चर्चा की तो पता चला कि इलाके में कुत्तों के कई झुंड हैं, जो पांच-छह की संख्या में घूमते हैं। कई बार राहगीरों के पीछे काटने के लिए दौड़ते हैं।

जंगल से घिरा है एरिया

नगर निगम अफसरों का कहना है कि यह इलाका जंगल से घिरा है। यहां कई जंगली जानवर भी देखे जा सकते हैं। बच्चा कल रात से लापता था। सुबह उसका शव मिला। अभी तक इस बात के सबूत नहीं हैं कि कुत्तों ने हमला किया था। आशंका है कि जंगली जानवरों ने हमला किया हो। पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।