भोपाल । प्रदेश में वाहन-4 पोर्टल शुरू हुए तीन दिन हो गए हैं, लेकिन बीमा का डेटा नहीं मिलने की वजह से वाहन रजिस्टर्ड नहीं हो पा रहे हैं और लोगों को एजेंसी से वाहन की डिलेवरी नहीं मिल रही है। वहीं वाहन के रजिस्ट्रेशन घटे हैं। इस परेशानी को दूर करने के लिए बुधवार को परिवहन आयुक्त संजय कमार झा ने राष्ट्रीय सूचना केंद्र व बीमा कंपनियों के अधिकारियों को समस्या दूर करने के निर्देश दिए हैं। जिससे वाहनों के रजिस्ट्रेशन में तेजी आ सके।
वाहन पोर्टल शुरू होने के पहले ग्वालियर में हर दिन 50 से 60 गाडिय़ां रजिस्टर्ड होती थी। प्रदेश में यह संख्या 500 से ऊपर रहती थी, वाहन के लागू होने के बाद से वाहन रजिस्ट्रेशन की संख्या काफी कम रह गई है। दो दिनों में प्रदेश में महज 253 वाहन ही रजिस्टर्ड हुए हैं। यह गिरावट इंश्योरेंस इन्फोरमेशन ब्यूरो (आइआइबी) से बीमा का जो डेटा मिलना चाहिए, वह तत्काल नहीं मिल रहा है। 24-24 घंटे बाद डीलर के पास आ रहा है। जो लोग अपने मुहुर्त पर वाहन खरीदने जा रहे हैं। बीमा नहीं होने के बाद तत्काल डिलेवरी नहीं हो पा रही है।
नया सिस्टम है, दोनों ओर से आ रही दिक्कत
वाहन-4 पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की नई व्यवस्था है। इस व्यवस्था में दोनों ओर से ही दिक्कत आ रही है। परिवहन विभाग के कर्मचारी व डीलर को सिस्टम समझने में दिक्कत आ रही है। डीलरों की फिर से बैठक लेकर सिस्टम समझाया गया है। आईआइबी से दूसरे राज्यों को तत्काल डेटा मिल रहा है, लेकिन मध्य प्रदेश जुड़े दो दिन हुए हैं। इस वजह से प्रदेश आइआइबी के सिस्टम में नहीं आया है।