भारत ने मई में पॉम तेल के आयात में 33.20 फीसदी की कटौती की है, जिससे मई में पॉम तेल के आयात का आंकड़ा गिरकर 5,14,022 टन हो गया है। लेकिन इस दौरान RBD पामोलिन तेल के आयात में इजाफा किया गया है। इंडस्ट्री बॉडी सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन की मानें, तो भारत दुनिया का सबसे ज्यादा वेजिटेबल ऑयल आयात करने वाला देश है। भारत ने मई 2021 में 7,69,602 टन पॉम तेल का आयात किया था।

भारत का कुल वेजिटेबल तेल आयात इस साल मई में घटकर 10,05,547 टन हो गया है, जो कि एक साल पहले तक 12,13,142 टन हुआ करता था। बता दें कि भारत कुल वेजिटेबल तेल आयात का करीब 50 फीसदी पॉम तेल से आपूर्ति करता है। SEA की रिपोर्ट के मुताबिक इंडोनेशिया ने 23 मई को कुछ शर्तों के साथ पॉम तेल के निर्यात से प्रतिबंध हटा दिया है। साथ ही पॉम तेल के निर्यात पर लगने वाले टैक्स को कम कर दिया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इंडोनेशिया से पॉम तेल के एक्सपोर्ट को बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही वैश्विक कीमत में भी असर देखा जा सकता है।