फ्रांस के सबसे लोकप्रिय टीवी जर्नलिस्ट रहे पैट्रिक पाइवर डाइवोर पर 20 महिलाओं ने रेप के आरोप लगाए हैं। सभी महिलाओं ने एक साथ ऑन स्क्रीन आकर अपनी आपबीती बताई।पैट्रिक पर आरोप है कि उन्होंने अपने लंबे करियर के दौरान दर्जनों महिलाओं और बच्चियों का रेप किया। हालांकि पैट्रिक ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने आरोप लगाने वाली ऐसी 16 महिलाओं के खिलाफ मानहानि का दावा भी ठोंका है। पैट्रिक फ्रांस में काफी लोकप्रिय रहे हैं। 1975 से 2008 तक अपने करियर के दौरान वो फ्रांस के सबसे पॉपुलर टीवी जर्नलिस्ट रहे।

74 साल के पैट्रिक पाइवर डाइवोर ने 1975 से एंकरिंग शुरू की थी। उनके शो को फ्रांस में इतना पसंद किया जाता था कि उन्हें टीवी किंग कहा जाने लगा। पैट्रिक फ्रांस के युवाओं के लिए आदर्श हुआ करते थे। लेकिन रिटायर होने के बाद जिंदगी के आखिरी दिनों में पैट्रिक पर गंभीर आरोप लगे हैं।सामने आने वाली महिलाओं का कहना है कि वो पहले इसलिए कुछ नहीं कह सकीं, क्योंकि तब पैट्रिक का रुतबा बहुत ज्यादा हुआ करता था। तब कोई उनकी बातों पर यकीन नहीं करता।

पैट्रिक पर अब तक 20 से ज्यादा महिलाओं ने सेक्शुअल हैरेसमेंट और रेप का आरोप लगाए हैं। धीरे-धीरे और भी महिलाएं सामने आ रही हैं। यह फ्रांस में #Metoo का अब तक का सबसे बड़ा मामला है। पैट्रिक पर आरोप लगाने वाली महिलाओं में उनकी पूर्व असिस्टेंट से लेकर एक स्कूल टीचर, लाइब्रेरियन, उनके साथ काम करने वाली जर्नलिस्ट और उनके जान-पहचान की महिलाएं शामिल हैं।