मैनपुरी मैनपुरी पहुंचे वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रदेश सरकार के सौ दिन पूरे होने पर पत्रकारों से वार्ता कर उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा किया है। प्रदेश में अपराध के प्रति जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।उन्होंने बताया कि सरकार गठन के 24 घंटे बाद ही योगी सरकार ने 15 करोड़ गरीबों के लिए राशन की व्यवस्था को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। 86 लाख सीमांत किसानों का ऋणमुक्त किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का लोकार्पण कर दिया गया है और गंगा एक्सप्रेस वे का काम शुरू हो गया है। जेवर और अयोध्या एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू करने के लिए कार्य प्रगति पर होने की बात कही। कहा कि जीरो टोलरेंस की नीति से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लग सका है।स्थानांतरण में हुए भ्रष्टाचार के सवाल पर मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पहले भी होते रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार ने जो त्वरित कार्रवाई की है वह किसी ने नहीं की। मंत्रियों के इस्तीफा देने संबंधी सवाल से किनारा कर लिया। इस दौरान विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, डीएम अविनाश कृष्ण सिंह, सीडीओ विनोद कुमार, एडीएम रामजी मिश्र, एसडीएम सदर नवोदिता शर्मा मौजूद रहीं।
स्वयं करूंगा निरीक्षण
वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना से शिकायत की गई। इसमें कहा गया कि अहिरवा में पौधरोपण किया गया लेकिन यहां पौधे सूख चुके हैं। सही से उनकी देखभाल नहीं हो रही है। उन्होंने स्वयं इसे देखने की बात कही।