भोपाल। भोपाल की दो जनपद फंदा और बैरसिया में अध्यक्ष की कुर्सी का फैसला 27 जुलाई को होगा। दोनों ही जनपदों में बीजेपी मजबूत स्थिति में है और विधायक समर्थक दावेदार हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस भी पूरा जोर लगा रही है।
फंदा जनपद के 25 में से 13 वार्ड में भाजपा समर्थकों ने जीत हासिल की है। वहीं, 6 वार्ड पर कांग्रेस समर्थित जीते हैं, जबकि 6 सदस्य ऐसे हैं, जिन्होंने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। वे अध्यक्ष के चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। हालांकि, भाजपा नेताओं का दावा है कि निर्दलीय सदस्य भी उनके साथ ही है। यही दावा कांग्रेस नेता भी कर रहे हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि कुर्सी पर कौन कब्जा जमाता है।

फंदा से ये दावेदार
फंदा जनपद में अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा में कई दावेदार हैं। वार्ड-2 से जीते प्रमोद राजपूत प्रमुख दावेदार हैं। वे विधायक रामेश्वर शर्मा के समर्थक माने जाते हैं। उनके अलावा पूर्व अध्यक्ष आरती यादव भी दावेदारी कर रही हैं। अध्यक्ष की कुर्सी ओबीसी कैटेगिरी के लिए रिजर्व है।

बैरसिया में भी भाजपा का दावा
बैरसिया जनपद पंचायत में अध्यक्ष का पद अनारक्षित वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। 25 सदस्यों वाली जनपद पंचायत में अध्यक्ष बनाने के लिए भाजपा पूरी ताकत लगा रही है। वहीं संख्याबल में कांग्रेस पिछड़ रही है। भाजपा की तरफ से भाजपा के जिला महामंत्री (ग्रामीण) कुबेर सिंह गुर्जर की पत्नी लता गुर्जर बाजी मार सकतीं हैं। वर्तमान में भागवती बाई गुर्जर बैरसिया जनपद पंचायत की अध्यक्ष हैं। मौजूदा परिस्थितयों को देखें तो गुर्जर महिला फिर से बैरसिया जनपद पंचायत की अध्यक्ष बन सकती है।