छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार ने चिंता बढ़ा दी है। शनिवार को प्रदेश में 505 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 2656 पहुंच गई है। सबसे ज्यादा 489 दुर्ग व 468 एक्टिव केस रायपुर जिले में हैं। राज्य शासन ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्य की सीमाओं और सभी एयरपोर्ट पर कोविड जांच अनिवार्य किया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोविड गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करें। टीकाकरण और बूस्टर डोज जरूर लगवाएं। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार से कोरोना टीके का बूस्टर डोज मुफ्त में लगना शुरू हो गया है। 

शनिवार को 11 हजार 280 सैंपलों की जांच की गई, जिसमें 505 नए संक्रमित मिले हैं। दुर्ग जिले में सबसे ज्यादा 118 मरीजों की पुष्टि हुई है। पिछले 24 घंटे में 216 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया है। वहीं 22 लोग हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हुए हैं। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 3.42% से बढ़कर 4.48% हो गई है। छत्तीसगढ़ में कोरोना से अब तक 14 हजार 45 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं अब तक 11 लाख 58 हजार 658 लोग संक्रमित हो चुके हैं। पूरे प्रदेश में दुर्ग सबसे हॉट जोन बना हुआ है।