भोपाल | बेरोजगारों और महिलाओं को लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता है।ये जालसाज फरियादी से मिलने कभी नहीं आए और फोन पर ही ठगी करने लगे। पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम पुलिस से एक महिला की शिकायत का संज्ञान लेकर यह कार्रवाई की है।फरियादी कुसुम देवी शर्मा पति चंदन शर्मा ग्राम कोलुआ अशोका की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि जून माह में एक व्यक्ति का फोन आया था। उसने एक बैंक में अच्छे संबंधों का हवाला देकर सामान्य दस्तावेजों के आधार पर ही लोन दिलाने का झांसा दिया। महिला ने लोन लेने की सहमति दी तो जालसाज ने अपने अलग-अलग तीन दोस्तों से बात कराई और बात करने वालों को अलग-अलग बैंकों का अधिकारी बताया था। जालसाज ने बातों में उलझाकर महिला को झांसा दिया कि जितना जल्दी प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क जमा कर दोगी, उतना जल्दी लोन मिल जाएगा। जालसाजों के झांसे में आई महिला ने 30 हजार रुपये से अधिक राशि जालसाजों को आनलाइन ट्रांसफर कर दी। इसके बावजूद जब महिला का काम नहीं हुआ, तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ।