नाइजीरिया के ओवो शहर के सेंट फ्रांसिस चर्च में रविवार को गोलीबारी हुई। घटना में 50 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर सामने आयी है। कई लोग घायल हुए हैं। अभी मृतकों का आंकड़ा आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ हथियारबंद लोग चर्च में घुसे और फायरिंग शुरू कर दी। एक जोरदार धमाका भी सुना गया। यह घटना दोपहर करीब 11:30 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे) की है। हमला किसने किया यह अभी पता नहीं चल सका है। घटना के वक्त वहां प्रेयर हो रही थी। हमलावरों ने प्रेयर कर रहे एक व्यक्ति को अगवा कर लिया है। गवर्नर रोटिमी अकेरेडोलू ने इस घटना पर शोक जताया है।

हमले के बाद के का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें चर्च में लोग खून से लथपथ पड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास के लोग चीख-चिल्ला रहे हैं। नाइजीरियाई राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने कहा कि नफरत की सोच रखने वालों ने ऐसा घिनौना काम किया है और लोगों की जान ले ली है। विधायक ओलुवोले ने कहा कि ओवो के इतिहास में पहले कभी ऐसी घटना नहीं हुई।