भोपाल । बढ़ती महंगाई के बीच घर का सपना देखने वालों के लिए राहत की खबर है। पिछले तीन महीने में आशियाने के निर्माण लागत में 10 से 12 फीसदी तक की कमी आई है। इसका कारण सरिया, सीमेंट, टाइल्स सहित अन्य सामग्री के दामों में गिरावट होना है। मार्च-अप्रैल में जो निर्माण लागत 1700 रुपए प्रति वर्ग फीट पहुंच गई थी, वह अब घटकर 1500 रुपए के आसपास आ गई है। यानी प्रति वर्गफीट करीब 200 रुपए तक लागत घट गई है। इससे शहर के करीब 400 निजी और 100 सरकारी प्रोजेक्ट्स को गति मिलेगी। निर्माण सामग्री के दाम कम होने से रियल एस्टेट सेक्टर को बूस्टर मिलेगा। बढ़ती महंगाई के कारण कई लोगों ने अपने घर बनाने का प्लान टाल दिया था, अब वे शुरू हो सकेंगे।
ट्रांसपोर्टेशन सस्ता होने का भी असर
बिल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण जैन ने बताया कि डीजल के दाम अप्रैल-मई में 100 रुपए लीटर तक हो गए थे जो घटकर करीब 94 रुपए हो गए। ट्रांसपोर्टेशन खर्च कम होने के साथ सीमेंट कंपनियों ने भी कीमतें घटाई हैं। अन्य उत्पाद भी सस्ते हुए हैं। मार्च की तुलना में सीमेंट की कीमत में 17.14 फीसदी की कमी आई है। 350 रुपए प्रति बोरी से दाम गिरकर करीब 290 पर आ गए हैं। तीन महीने में टाइल्स के दामों में 15 फीसदी गिरावट हुई। 2 बाय 2 की जो टाइल्स 42 रुपए वर्गफीट पर पहुंच गई थी वह 35 रुपए तक आ गई है। सरिया अप्रैल में रिकॉर्ड 85 रुपए किलो तक पहुंच गया था वह करीब 65 रुपए पर है। सितंबर में सरिए के दामों में और कमी आने की उम्मीद है। 10 से 12 फीसदी निर्माण लागत कम होने से जनता के साथ बिल्डर्स को भी फायदा मिलेगा। पुराने प्रोजेक्ट्स में रेट बढऩे से जो नुकसान हो रहा था वो कम हो जाएगा।