भोपाल । भोपाल जिले की बैरसिया नगर पालिका में एक बार फिर भाजपा का दबदबा रहा। भाजपा ने 9 वार्डों में जीत दर्ज की है। वहीं शरद पवार की पार्टी एनसीपी की भी एंट्री हो गई है। एनसीपी ने वार्ड की एक सीट जीत ली है। कांग्रेस और निर्दलीय ने 4-4 वार्डों पर जीत हासिल की। अब तक की स्थिति में बैरसिया नगर पालिका पर बीजेपी का बोर्ड बनता दिख रहा है। ऐसे में भाजपा यहां पर फिर से अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमा सकती है। पिछली बार भी भाजपा का ही कब्जा रहा था। सबसे हैरान करने वाला फैसला वार्ड-16 से आया। यहां पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पर्वत सिंह पटेल की पत्नी कलाबाई पटेल चुनाव हार गईं।
बैरसिया नगर पालिका में अध्यक्ष की कुर्सी पर निर्दलीय भी निर्णायक साबित हो सकते हैं। यहां से चार निर्दलियों ने जीत हासिल कर ली है। वार्ड-16 से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पर्वत सिंह पटेल की पत्नी कलाबाई पटेल चुनाव हार गई। उन्हें निर्दलीय नितिन जैन ने हरा दिया। निर्दलीय नितिन 55 वोटों से जीते। वार्ड-6 से नंदना सोनी 111 वोटों से जीत गईं। वह भाजपा से है। वार्ड-9 से निर्दलीय नीरज नामदेव 6 वोट से जीत गए हैं। वार्ड-15 से कांग्रेस के प्रेम पप्पी यादव 6 वोट से जीते। वहीं, वार्ड-5 से निर्दलीय राधे पटेल ने जीत हासिल कर ली है। वार्ड-4 से भाजपा के संजय कुशवाह ने जीत हासिल की। वार्ड 13 से कांग्रेस प्रत्याशी भाग्यश्री चंचल जीत गई हैं। वार्ड नंबर-2 से कांग्रेस प्रत्याशी कुसुम रवि करोसिया 344 वोट से जीतीं। वार्ड नंबर-1 में भाजपा प्रत्याशी गंगा बाई तखत सिंह कुशवाह जीत गई हैं।
भक्तपाल की बहू अध्यक्ष की मुख्य दावेदार
वार्ड-8 से पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह की बहू तनुश्री राठौड़ पार्षद बनी हैं। वह अध्यक्ष पद की मुख्य दावेदार हैं। बैरसिया नगर पालिका के अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित है। इस वजह से पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह राठौर अपनी बहू तनुश्री को पार्षद बनवाकर अध्यक्ष बनाने की जुगत में लगे हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पर्वत सिंह पटेल अपनी पत्नी कलावती को अध्यक्ष बनाने के लिए जोर आजमाईश में लगे थे लेकिन वह चुनाव हार गई।
बैरसिया नगर पालिका से ये जीते

वार्ड पार्टी ये जीते
1 भाजपा गंगाबाई तखत सिंह
2 कांग्रेस कुसुम रवि करोसिया
3 भाजपा हरिनारायण कुशवाह
4 भाजपा संजय कुशवाह
5 निर्दलीय राधे पटेल
6 भाजपा नंदना विजय सोनी
7 एनसीपी शबाना शोएम कुरैशी
8 भाजपा तनुश्री कुलदीप राठौड़
9 निर्दलीय नीरज नामदेव
10 भाजपा सुनील खटीक
11 भाजपा नीलम आकाश यादव
12 निर्दलीय पूनम राजेश कुशवाह
13 कांग्रेस चंचल खत्री
14 भाजपा कमलेश कुशवाह
15 कांग्रेस पप्पी प्रेम यादव
16 निर्दलीय नितिन जैन
17 कांग्रेस सुनीता रामगोपाल गुप्ता
18 भाजपा रणधीर सिंह राजपूत