अहमदाबाद | देशभर में मौजूदा स्थिति को लेकर कांग्रेस ने आज कई राज्यों में पत्रकार परिषद कर भाजपा पर कड़े प्रहार किए| कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा राष्ट्रवाद की आड़ में नफरत और अलगाववाद का खेल खेल रही है, जो देश के लिए एक चिंता का विषय है| अहमदाबाद में गुजरात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव गांधी भवन में कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने भाजपा पर कड़े प्रहार किए और कहा कि आज जिस प्रकार से एक के बाद एक घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के भाजपा से जुड़े होने के प्रमाण मिल रहे हैं, ऐसे में बतौर विपक्ष हमारा फर्ज बनता है कि इसे देश के समक्ष पेश करें| अलग अलग जगहों पर राष्ट्रद्रोही, अलगाववादी विचारधारा के लोगों के तार भाजपा से जुड़े हैं| इतना ही नहीं ऐसे लोग भाजपा में बड़े बड़े पदों पर बैठे हैं, जो भाजपा के साथ ही देश के लिए भी बड़ी चिंता की बात है| उन्होंने कहा कि भाजपा को चाहिए कि ऐसे लोग जो पार्टी के बड़े पदों पर बैठे हैं उनकी जांच के लिए एक समिति बनाए| राष्ट्रीय स्तर पर एक बैठकर इस मुद्दे पर चिंतन करना चाहिए| नफरत और राष्ट्रविरोधी विचारधारा के लोग आखिर भाजपा में इतने बड़े पदों तक कैसे पहुंच गए? राजस्थान के उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या का आरोपी मोहमद गौस भाजपा का कार्यकर्ता निकला| रियाज भाजपा नेताओं की फैक्ट्री में काम करता था| जम्मू के ग्रामीण इलाके से पकड़ा गया आतंकी तालिब हुसैन भी भाजपा का सदस्य निकला| तालिब हुसैन की भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आई हैं| यह आतंकी अमरनाथ के यात्रियों पर हमले की योजना बना रहा था| 2020 में आतंकियों को हथियर सप्लाई करने के मामले में तारिक अहमद मीर को गिरफ्तार किया गया था| उसके साथ आतंकियों को मदद करने वाले डीएसपी को भी गिरफ्तार किया था| दीपेन्द्र हुड्ड ने कहा कि 2017 के दौरान मध्य प्रदेश भाजपा आईटी सेल के नेता भी पकड़े गए थे| असम भाजपा के नेताओं के आतंकी मदद करने के आरोप में सजा तक सुनाई गई है| ये नाम केवल पदाधिकारी तक सीमित नहीं हैं, कई लोगों तो भाजपा ने चुनाव भी लड़वाया है| कुख्यात आतंकी मसूद अजहर के शागिर्द को भाजपा ने जम्मू के वार्ड 23 से चुनाव लड़वाया था| कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा को इन मामलों पर विचार करना चाहिए| देश तलवार से नहीं टूटता बल्कि विचार से टूटता है| नफरत की विचारधारा को राष्ट्रभक्ति की विचारधारा से पराजित किया जा सकता है| उन्होंने कहा कि जब भाजपा अपना ही घर सुरक्षित नहीं रख पा रही है तो वह देश से आतंकियों के कैसे बाहर करेगी| क्या भाजपा के ऐसा कोई वॉशिंग पाउडर है, जिससे आतंकियों के भाजपा में पदासीन होने के बाद वह आतंकी गतिविधियां छोड़ देते हों| दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि पंजाब, दिल्ली, हरियाणा के युवक ड्रग्स की चपेट में हैं और भारत में जो भी ड्रग्स आता है वह गुजरात के रास्ते पहुंचता है| गुजरात के पोर्ट पर हजारों करोड़ का ड्रग्स अब तक पकड़ा जा चुका है| एनआईए के माध्यम से जो लिंक सामने आई है, उसमें पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के नामों का खुलासा हुआ है|