कानपुर में हुई हिंसा और बवाल के मामले में पुलिस की तरफ से पत्थरबाजों और उपद्रवियों के पोस्टर जारी करने का असर दिखाई देने लगा है। पोस्टर चस्पा होने के बाद पत्थरबाज खुद सरेंडर कर रहे हैं। हिंसा में शामिल एक आरोपी ने सोमवार देर रात खुद को कर्नेलगंज थाने में सरेंडर किया है। चो वीडियो फुटेज में भी दिखाई दे रहा था। इसके अलावा मंगलवार को 12 आरोपी और गिरफ्तार किए गए हैं। अब तक कुल 50 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कानपुर में नई सड़क पर हुए बवाल में कुछ लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये माहौल बिगाड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भड़काऊ पोस्ट कर लोगों को उकसाया गया। पुलिस ने पहले ऐसे आठ लोगों के एकाउंट चिह्नित किए थे। वहीं, दो अन्य हैंडल्स पर भी एफआईआर दर्ज की गई है। इनके खिलाफ आईटी एक्ट व धार्मिक भावनाएं आहत करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।